भोपाल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भोपाल स्थित टी.टी. नगर स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों में मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ एवं सुरक्षित स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा खेल प्रदर्शन से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों पर वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर जानकारी देते हुए बताया कि यह एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है। उन्होंने उचित स्वच्छता, संतुलित पोषण और जागरूकता के माध्यम से खेल प्रदर्शन को प्रभावी बनाए रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम में व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म प्रबंधन, किशोर स्वास्थ्य और मानसिक आत्मविश्वास जैसे विषयों पर संवादात्मक शैली में मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का भी अवसर मिला।
जागरूकता सत्र में सहायक प्राध्यापक अनुश्री आचार्य और श्वेता सोनी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में खिलाड़ियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मासिक धर्म प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी समान रूप से आवश्यक है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कहा कि खिलाड़ियों के खेल कौशल के विकास के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित