बारां , अप्रैल 03 -- राजस्थान में अन्नपूर्णा क्लब, बारां के तत्वावधान में कोटा रोड स्थित खेल संकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का गुरुवार रात समापन आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने कहा कि बारां जिले के सभी नागरिकोंको नशे एवं धूम्रपान से मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, जिसमें युवाओं और खिलाड़ियों का विशेष योगदान अपेक्षित होगा। उन्होंने आमजन से सहयोग का अनुरोध करते हुए कहा कि पुलिस सदैव आमजन एवं खिलाड़ियों की सहायता के लिए तत्पर है और किसी भी नागरिक को पुलिस से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।

संरक्षक चंद्रप्रकाश सांखला ने बताया कि प्रतियोगिता में सोलापुर, जामनेर, नवी मुंबई, मालेगांव, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं कोटा सहित देशभर की टीमों ने शिरकत की। अंतिम दिन खेले गये मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का परिचय दिया। चेतन राठौर, सुरेंद्र शर्मा एवं महेंद्र पोटर ने बताया कि फाइनल मुकाबला मालेगांव और हरियाणा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मालेगांव की टीम ने 2-1 सेट से जीत दर्ज करके खिताब अपने नाम किया। हरियाणा की टीम उपविजेता रही, जबकि दिल्ली एवं नवी मुंबई की टीमों ने क्रमशः तीसरा एवं चैथा स्थान प्राप्त किया।

विजेता टीम को 21 हजार रुपये, उपविजेता को 15 हजार रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त टीम को सात हजार एक सौ रुपये एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को पांच हजार एक सौ रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किये गये।

बेस्ट नेटर का खिताब दिल्ली टीम के खिलाड़ी विकास गुर्जर को और बेस्ट शूटर का पुरस्कार पंजाब के खिलाड़ी अरमान को दिया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं अंपायरों को भी सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित