बामाको , अप्रैल 25 -- माली की राजधानी बामाको में शनिवार तड़के सशस्त्र समूहों के समन्वित हमलों के बाद कई स्थानों पर विस्फोट और भारी गोलीबारी की खबर है।
रिपोर्ट के अनुसार, तड़के करीब 5:20 बजे सेनू सैन्य शिविर और बामाको-सेनू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास हमले हुये। इसके अलावा काती, सेवारे, मोप्ती, गाओ और किदाल जैसे क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया, जिससे व्यापक स्तर पर हमले की योजना का संकेत मिलता है।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें राजधानी का मुख्य हवाई अड्डा और काती स्थित रक्षा मंत्री का आवास शामिल है। कई इलाकों में लगातार गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गयीं।
माली की सेना ने एक बयान में कहा कि अज्ञात सशस्त्र आतंकवादी समूहों ने राजधानी और अन्य क्षेत्रों में रणनीतिक ठिकानों तथा सैन्य बैरकों को निशाना बनाया है और सुरक्षा बल हमलावरों को निष्क्रिय करने में जुटे हैं।
उल्लेखनीय है कि माली में 2012 से सशस्त्र समूहों द्वारा हमले जारी हैं। देश इस समय संक्रमणकालीन राष्ट्रपति असीमी गोइता के नेतृत्व में है, जिन्होंने मई 2021 में सैन्य तख्तापलट के बाद सत्ता संभाली थी।
सेना ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित