नयी दिल्ली , जून 03 -- दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि मालवीय नगर हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
श्री सूद ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि इमारत मालिक और लापरवाही बरतने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आग से इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि भवन के पास वैध एनओसी थी या नहीं, उसे होटल और रेस्तरां के रूप में संचालित करने की अनुमति प्राप्त थी या नहीं तथा कितने कमरों को बीएंडबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट) के रूप में चलाने की मंजूरी दी गई थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं और दोषियों की पहचान होते ही गिरफ्तारी की जाएगी। सरकार इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
गृह मंत्री ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में नगर निगम, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग और जल विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को इलाके में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गये हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों और नियामकीय नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इमारत को नहीं छोड़ा जाएगा। जांच में अनियमितता मिलने पर ऐसी इमारतों को तत्काल सील किया जाएगा। जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित