भिण्ड , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर कथित रूप से लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना मालनपुर थाना क्षेत्र के घिरोंगी गांव की है। तीन दिन पहले गांव निवासी 50 वर्षीय करतार सिंह बघेल अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से गांव जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जयसिंह गुर्जर और उसके 4-5 साथियों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

वायरल वीडियो में पीड़ित रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, जबकि हमलावर उसकी बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति पीड़ित का पैर पकड़े हुए दिखाई देता है, जबकि अन्य आरोपी उस पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी गांव में अपना वर्चस्व कायम रखने को लेकर पीड़ित से पुरानी रंजिश रखते थे। इसी रंजिश के चलते कथित रूप से इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला सामने आया।

मालनपुर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित करतार सिंह बघेल की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायल का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस की टीमें वायरल वीडियो के आधार पर चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित