सिलीगुड़ी , अक्टूबर 23 -- पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के रामकेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 27 वर्षीय समीर घोष की उसके घर पर कथित तौर पर धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गयी और फिर बहुत करीब से गोली भी मारी गयी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने रात भर छापेमारियां की।
पुलिस ने सबसे पहले राजन घोष नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद, गुरुवार रात भर चली छापेमारी में पुलिस ने मुख्य आरोपी शत्रु घोष और एक अन्य आरोपी छोटन घोष को गिरफ्तार किया। बाकी आरोपियों का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है।
मृतक के भाई, बिबेक घोष ने आरोप लगाया है कि यह हत्या लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि समीर एक भाजपा कार्यकर्ता थे और आरोपी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं। इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा के दक्षिण मालदा जिला अध्यक्ष अजय गांगुली ने कहा कि समीर पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता थे, जिन्होंने इंग्लिश बाजार से भाजपा विधायक अमलान भादुड़ी के लिए काम किया था। उन्होंने हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
तृणमूल कांग्रेस के नेता बिस्वजीत घोष ने दावा किया कि यह घटना दो परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी का नतीजा है और उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक नेता इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं।
पुलिस हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है जिसमें हत्या का उद्देश्य एवं बाकी आरोपियों की कथित संलिप्तता भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित