सिलीगुड़ी , अक्टूबर 22 -- पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बुधवार रात 27 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता की धारदार हथियारों से काटकर और फिर करीब से गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
पुलिस ने जिले के इंग्लिश बाजार थाने के तहत महादीपुर क्षेत्र के रामकेली में इस हत्याकांड के सिलसिले में एक व्यक्ति किराजेन घोष को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शत्रु घोष नाम का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। मृतक की पहचान समीर घोष के रूप में हुई है। समीर पर उसके घर पर ही हमला किया गया था। परिजनों के अनुसार हमलावरों ने पहले उस पर धारदार हथियारों से वार किया और फिर उस पर गोलियां चला दीं। इस घटना में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की खबर है।
मृतक के भाई बिबेक घोष ने आरोप लगाया कि यह हत्या लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि समीर भाजपा कार्यकर्ता था और आरोपी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं। इन आरोपों की हालांकि जांच के जरिए पुष्टि होना बाकी है।
भाजपा दक्षिण मालदा जिलाध्यक्ष अजय गांगुली ने कहा कि समीर जमीनी स्तर का कार्यकर्ता था जिसने इंग्लिश बाजार से भाजपा विधायक अमलान भादुड़ी के लिए काम किया था। श्री गांगुली के अनुसार समीर पार्टी नेतृत्व के निर्देशों पर भारत-बंगलादेश सीमा पर कथित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हत्या सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को चुनौती देने के समीर के प्रयासों से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कानून के शासन के अभाव के कारण इलाके में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। भाजपा ने दोषियों के खिलाफ कठोरतम सजा की मांग की है।
तृणमूल कांग्रेस के नेता बिस्वजीत घोष ने दावा किया कि यह घटना दो परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी दुश्मनी का नतीजा है और आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक नेता इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं।
पुलिस हत्या के पीछे के मकसद और फरार आरोपी की कथित संलिप्तता सहित मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने गिट्टी ले जा रहे एक ट्रक को रोका था और कथित तौर पर उससे नशीले पदार्थ बरामद किए थे। जांचकर्ता अभी तक यह स्थापित नहीं कर पाए हैं कि उस घटना का इस हत्या से कोई संबंध था या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित