कोलकाता , अप्रैल 03 -- पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों को घंटों बंधक बनाने की घटना के मुख्य साजिशकर्ता एडवोकेट मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, मोफक्करुल इस्लाम को उत्तर बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से उस समय पकड़ा गया, जब वह राज्य छोड़कर भागने की फिराक में था।

घेराव की यह चर्चित घटना बुधवार शाम मालदा के कालियाचक-II खंड विकास कार्यालय में हुई थी। यहां मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) कार्य में लगे तीन महिला जजों समेत सात न्यायिक अधिकारियों को 'असामाजिक तत्वों' की एक उग्र भीड़ ने घंटों तक घेरे रखा था। इन अधिकारियों को देर रात के बाद ही सुरक्षित निकाला जा सका था।

इस घटना पर उच्चतम न्यायालय ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए पश्चिम बंगाल सरकार और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई और न्यायाधीशों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित