चंडीगढ़ , जून 04 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) के पंचवर्षीय रोडमैप की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राज्य की सभी 12 फुट चौड़ी सड़कों को मार्च 2027 तक 18 फुट चौड़ा किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क आवश्यक है और इस कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 3,240 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कों के चौड़ीकरण की योजना पर काम चल रहा है। इनमें 1,696 किलोमीटर सड़कों पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि शेष सड़कों पर भी चालू वित्तीय वर्ष में काम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सड़कों पर उचित संकेतक, सफेद किनारी रेखाएं और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में धूल और प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों के किनारे हरित पट्टियां और टाइलिंग विकसित करने को कहा। पहले चरण में छह शहरों की 138 सड़कों को इस योजना में शामिल किया गया है। इसके अलावा उन्होंने लंबित रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास परियोजनाओं में तेजी लाने, बाईपास निर्माण कार्य समय पर पूरा करने तथा भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित