ओटावा , फरवरी 23 -- कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घोषणा की है कि वह देश के व्यापार में विविधता लाने, श्रमिकों के लिए नए अवसर खोलने और ऊर्जा, प्रौद्योगिकी तथा रक्षा में नयी साझेदारी सुरक्षित करने के लिए 26 फरवरी से 07 मार्च तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, "हम एक मजबूत, अधिक स्वतंत्र और अधिक लचीली अर्थव्यवस्था का निर्माण कर रहे हैं। हम घर पर अपनी ताकत बढ़ा रहे हैं, विदेशों में अपने व्यापार में विविधता ला रहे हैं और बड़े पैमाने पर नए अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित कर रहे हैं।"कनाडाई प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत मुंबई से करेंगे, इसके बाद नयी दिल्ली जाएंगे, जहाँ वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं द्वारा व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रतिभा और संस्कृति तथा रक्षा में नयी साझेदारियों के माध्यम से दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने और विस्तारित करने पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है।
श्री कार्नी कनाडा में निवेश के अवसरों की पहचान करने और कनाडाई तथा भारतीय कंपनियों के बीच नए सहयोग बनाने के लिए व्यापारिक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद कनाडाई प्रधानमंत्री सिडनी और कैनबरा की यात्रा करेंगे और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस से मुलाकात करेंगे। यहाँ दोनों नेताओं के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, व्यापार और उन्नत प्रौद्योगिकियों पर चर्चा किये जाने की उम्मीद है। श्री कार्नी ऑस्ट्रेलिया की संसद के दोनों सदनों को भी संबोधित करेंगे, ऐसा करने वाले वह लगभग 20 वर्षों में पहले कनाडाई प्रधानमंत्री होंगे। साथ ही, निवेश आकर्षित करने तथा द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने के लिए वह ऑस्ट्रेलिया के व्यापारिक नेताओं से भी मिलेंगे।
श्री कॉर्नी टोक्यो में स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिजों और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत का समर्थन करने के लिए संयुक्त सुरक्षा और रक्षा प्रयासों पर भी चर्चा करेंगे।
श्री कार्नी ने कहा, "कनाडा उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं। हम अपने व्यापार में विविधता ला रहे हैं और अपने श्रमिकों और व्यवसायों के लिए अवसर पैदा करने के लिए बड़े पैमाने पर नया निवेश आकर्षित कर रहे हैं।"उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और 2024 में 30.8 अरब डॉलर के कुल द्विपक्षीय व्यापार के साथ कनाडा का सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार था। कनाडा और भारत एक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते पर बातचीत कर रहे हैं जिसका लक्ष्य 2030 तक व्यापार को दोगुना से अधिक करके 70 अरब डॉलर तक पहुँचाना है।
कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत व्यापारिक संबंध हैं, 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 6.1 अरब डॉलर का था और ऑस्ट्रेलिया में कनाडाई प्रत्यक्ष निवेश कुल 58.8 अरब डॉलर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित