नयी दिल्ली , मई 18 -- देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी ने हरियाणा स्थित अपने खरखोदा विनिर्माण संयंत्र के दूसरे प्लांट में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है।
कंपनी ने सोमवार को यहां इसकी घोषणा की। उसने बताया कि इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 2.5 लाख इकाई है, जिससे खरखोदा संयंत्र की कुल क्षमता बढ़कर पांच लाख इकाई हो गयी है। इसके साथ ही हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर और खरखोदा तथा गुजरात के हंसलपुर स्थित संयंत्रों सहित मारुति सुजुकी की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता अब 26.5 लाख इकाई हो गयी है।
पूरी तरह से संचालित होने के बाद खरखोदा संयंत्र सुजुकी के सबसे बड़े चार-पहिया वाहन निर्माण केंद्रों में से एक होगा, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख वाहनों की होगी।मारुति सुजुकी ने पहले बताया था कि उसकी योजना वित्त वर्ष 2026-27 में उत्पादन क्षमता पांच लाख इकाई बढ़ाने की है। यह विस्तार उसी योजना का हिस्सा है।
खरखोदा संयंत्र में कंपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी मारुति सुजुकी ब्रेजा और मिड-एसयूवी विक्टोरिस का निर्माण कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित