नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी ने मंगलवार को अपने एसयूवी विटारा के इलेक्ट्रिक संस्करण ई-विटारा की घरेलू बाजार में बिक्री शुरू कर दी।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि ग्राहक नेक्सा शोरूम पर जाकर या नेक्सा की वेबसाइट पर 21,000 रुपये का शुरुआती भुगतान करके ई-विटारा की बुकिंग करा सकते हैं।
ई-विटारा के 49 किलोवाट आवर मॉडल की बैटरी-एज-ए-सर्विस विकल्प के साथ कीमत 10.99 लाख रुपये है। इसमें रोड टैक्स, बीमा, टीसीएस और अन्य सरकारी कर तथा शुल्क शामिल नहीं हैं। बैटरी के लिए 3.99 रुपये प्रति किलोमीटर की समान किस्तों का विकल्प है।
कंपनी एक साल बाद 60 प्रतिशत कीमत पर वाहन वापस खरीदने, बैटरी पर आठ साल और एसयूवी पर तीन साल की वारंटी दे रही है। वाहन पर पांच साल की अतिरिक्त गारंटी भी खरीदी जा सकती है। कंपनी ई-विटारा के साथ घर पर चार्जिंग की सुविधा इंस्टाल करेगी और होम चार्जर भी देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित