चेन्नई , मार्च 06 -- सुश्री मारियाना एल. नीसुलर ने चेन्नई में अमेरिकी महा वाणिज्यदूत का कार्यभार संभाल लिया है।

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को एक बयान जारी किया जिसके अनुसार, सुश्री नीसुलर ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और राजदूत सर्गियो गोर के नेतृत्व में हम उन साझेदारियों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो अमेरिकियों एवं भारतीयों दोनों के लिए वास्तविक परिणाम देती हैं। मैं व्यापारिक संबंधों का विस्तार करने, अमेरिकी व्यवसायों का समर्थन करने और जन-संबंधों को बढ़ावा देने के लिए तत्पर हूं जो हमारे रिश्ते को इतना मजबूत बनाते हैं।"महावाणिज्यदूत नीसुलर ने अपने आगमन पर कहा " द्विपक्षीय संबंधों के इस महत्वपूर्ण मोड़ पर दक्षिण भारत में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है।"इससे पहले सुश्री नीसुलर ने ताशकंद स्थित अमेरिकी दूतावास में राजनीतिक एवं आर्थिक मामलों के सलाहकार के रूप में अपनी सेवायें दी हैं। वह यरुशलम और ओमान स्थित दूतावासों में उप आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्य कर चुकी हैं तथा वाशिंगटन डी.सी., दुबई, स्कोप्जे और मास्को में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं।

वह तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और तीन केंद्र शासित प्रदेशों अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में अमेरिकी हितों एवं अमेरिका-भारत संबंधों को बढ़ावा देंगी। सुश्री मारियाना ने वाशिंगटन में ऊर्जा संसाधन ब्यूरो में भारत एवं श्रीलंका पर केंद्रित वरिष्ठ दक्षिण एशिया अधिकारी के रूप में और विभाग के प्रथम मुख्य अर्थशास्त्री के कर्मचारी प्रमुख के रूप में कार्य किया है। सुश्री मारियाना ने राजनीतिक और सैन्य मामलों के ब्यूरो में भी दक्षिण एशिया पर काम किया है और दुबई, स्कोप्जे और मास्को में अपनी सेवाएं दी हैं।

विदेश सेवा में आने से पहले, सुश्री मारियाना ने वाशिंगटन डी.सी. और दुबई में प्रवासी मुआवजे और श्रमिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य परामर्श पर ध्यान केंद्रित किया। वह बोस्निया, बुल्गारिया, ग्रीस और कोसोवो में वरिष्ठ शोधकर्ता के रूप में छह वर्ष रहीं और "बाल्कन में घृणास्पद भाषण" नामक पुस्तक लिखी, जिसका प्रकाशन 1998 में इंटरनेशनल हेलसिंकी फेडरेशन, वियना द्वारा किया गया था।

सुश्री मारियाना नेशनल वॉर कॉलेज से राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति में एमएस की उपाधि प्राप्त हैं और उनके पास फ्लेचर स्कूल से कानून एवं कूटनीति में एमए और सोफिया विश्वविद्यालय से अंग्रेजी एवं अमेरिकी अध्ययन में एमए की डिग्री है। उनकी मूल भाषा बल्गेरियाई हैं और वह रूसी, अरबी और मैसेडोनियन भाषाएं धाराप्रवाह बोलती हैं। सुश्री मारियाना को 2017 में अरबी भाषा के लिए अमेरिकन विदेश सेवा संघ से मैटिल्डा डब्ल्यू. सिनक्लेयर भाषा पुरस्कार प्राप्त हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित