चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 04 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बैगूं क्षेत्र में मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल (एएनटीएफ) ने मारवाड़ के कुख्यात तस्कर निम्बाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने रविवार को बताया कि चित्तौड़गढ़ के दल को सूचना मिली कि फलौदी जिले के जाटावास की ढाणी निवासी फरार नशा तस्कर निम्बाराम जाट डोडाचूरा की बड़ी खेप लेने के लिए बेंगू के जोगणियां माता स्थित जोगणियां रिसोर्ट में स्थानीय तस्करों के साथ है।

उन्होंने बताया कि इस पर दल ने मौके पर जाकर दबिश दी तो वहां मौजूद निम्बाराम सहित अन्य लोग रिसोर्ट की दीवार कूदकर भागने लगे। दल ने करीब दो किलोमीटर पीछा करके निम्बाराम को पकड़ लिया।

श्री कुमार ने बताया कि निम्बाराम के खिलाफ राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में अफीम डोडाचूरा तस्करी के अलावा गोलीबारी और अवैध हथियारों के कुल 26 मामले दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित