लखनऊ , अगस्त 11 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्रा को वकालत के पेशे में 50 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सुश्री मायावती ने कहा कि सतीश चंद्र मिश्रा का न्यायालय की गलियों से लेकर जनसेवा की राजनीति तक का सफर सत्य, न्याय और संविधान के प्रति अटूट निष्ठा से संचालित रहा है।
उन्होंने कहा कि न्याय को केवल अदालतों की चौखट तक सीमित न रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का जो संकल्प सतीश चंद्र मिश्रा ने निभाया है, वह विशेष रूप से दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक कार्यों में दिखाई देता है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सतीश चंद्र मिश्रा ने अपने सार्वजनिक जीवन में वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। मायावती ने उनके दीर्घ सार्वजनिक एवं विधिक जीवन की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सक्रिय भविष्य की कामना की।
सुश्री मायावती ने कहा कि परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान के मूल्यों और लोककल्याण के संकल्प को सतीश चंद्र मिश्रा आगे भी उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ समृद्ध करते रहें, यही उनकी कामना है।
मायावती ने अपने संदेश में सतीश चंद्र मिश्रा के विधिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने की उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित