सरगुजा , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को डबरी में फेंकने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त हथियार, मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी जब्त कर लिया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय डबरी से मृतक का शव बरामद किया था। यह हत्या एक मामूली विवाद के बाद कर दी गई थी।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, थाना उदयपुर में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी मनोज कुमार ने 16 मार्च को शिकायत दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई शीतल कुमार 15 मार्च की शाम को एक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम पोतका गया था। अगले दिन उसे सूचना मिली कि गांव के प्रमोद ने उसके भाई की पिटाई कर लाश को पोतका पुलिया के पास एक डबरी में फेंक दिया है। मौके पर पहुंचने पर प्रार्थी ने देखा कि उसके भाई का शव पानी में पड़ा है और सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डबरी के पास से खून से सना जुट बोरा, एक मोबाइल फोन और गमछा बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से होना और हत्या की पुष्टि हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित