चेन्नई , जुलाई 12 -- तमिलनाडु के पर्यटन स्थल मामल्लपुरम (महाबलीपुरम) के निकट एक निजी रिसॉर्ट में बोरवेल की खुदाई के दौरान शनिवार शाम हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से चार श्रमिकों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा चेन्नई से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में हुआ। श्रमिक बोरवेल में डालने के लिए एक लंबी लोहे की पाइप को सीधा खड़ा कर रहे थे, तभी वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इससे पाइप में करंट दौड़ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान प्रभु (33), बालाजी (20), बाशा बाई (45) और राजेंद्रन (55) के रूप में हुई है। हादसे में घायल भगवान (45) को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रिसॉर्ट, जहां एक रेस्तरां भी संचालित होता है, गर्मियों में भूजल स्तर में अत्यधिक गिरावट के कारण पानी की गंभीर कमी से जूझ रहा था। इसी वजह से प्रबंधन ने पुराने बोरवेल के स्थान पर अधिक गहराई वाला नया बोरवेल खोदने के लिए एक निजी ड्रिलिंग कंपनी को काम सौंपा था।

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद तमिलनाडु विद्युत बोर्ड (टीएनईबी) को सूचित कर संबंधित हाईटेंशन लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चेंगलपट्टू सरकारी मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित