बैतूल , जून 29 -- बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
खरीफ सत्र को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा ई-टोकन व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लंबित भू-अर्जन, अनुकंपा नियुक्ति तथा पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए अलग से समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री मानधन श्रम योगी योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने असंगठित क्षेत्र के अधिकाधिक श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने, उनके बैंक खाते खुलवाने तथा संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की लंबित और अनुत्तरित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को प्राथमिकता देने के लिए कहा। साथ ही सार्थक एप के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उपकरणों तथा क्लिकअप प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे शासकीय कार्यों को अधिक त्वरित और प्रभावी बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित