अमृतसर , सितंबर 30 -- श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य मिट्ठू सिंह कानेके और जसवंत सिंह पुड़ैण को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात के मामले में 10 दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से पेश होकर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
सचिवालय की ओर से बुधवार को एसजीपीसी के सचिव को भेजे गये पत्र के अनुसार, दोनों सदस्यों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, जबकि 15 जून 2026 के पांच सिंह साहिबान के आदेश संख्या 246 के अनुसार श्री मान को 'गुरु दोषी और खालसा पंथ विरोधी' घोषित किया गया था।
सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब के प्रभारी बगीचा सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एसजीपीसी के सदस्य और सिख संस्था के प्रतिनिधि होने के नाते दोनों की जिम्मेदारी श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करना और उन पर पहरा देना है। सचिवालय ने आरोप लगाया कि दोनों ने अपनी इच्छा से तख्त साहिब के आदेश की अवहेलना की।
श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश के अनुसार दोनों सदस्यों के लिखित स्पष्टीकरण देने और तख्त साहिब से दोषमुक्त होने तक एसजीपीसी की किसी भी बैठक में उनके हिस्सा लेने पर रोक लगा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित