शाहकोट (जालंधर) , जून 19 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को शाहकोट विधानसभा क्षेत्र में सतलुज नदी के किनारे बनने वाली 37.93 किलोमीटर लंबी धुस्सी बांध लिंक सड़क परियोजना का शिलान्यास किया।
61.82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क शाहकोट-मोगा-रामपुर मार्ग को गिद्दड़पिंडी धुस्सी बांध से जोड़ेगी तथा क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शाहकोट और लोहियां क्षेत्र के लोग दशकों से बाढ़ के खतरे के साये में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकारों ने चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे किये, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि धुस्सी बांध पर बनने वाली यह सड़क सतलुज नदी के किनारे सुरक्षा तटबंध को और मजबूत करेगी तथा बाढ़ के जोखिम को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।
श्री मान ने बताया कि इस सड़क से क्षेत्र के लगभग 15 गांवों के 15 से 16 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सड़क शाहकोट-मोगा रोड को लोहियां-मक्खू रोड से जोड़ेगी और बाईपास के रूप में कार्य करते हुए यातायात का दबाव कम करेगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यह सड़क किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब में मजबूत ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा, संपर्क, आर्थिक विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 67 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अब योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर भर्ती हो रही है तथा किसी भी नियुक्ति को अदालत में चुनौती नहीं मिली है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 990 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किये जा चुके हैं, जहां 107 प्रकार की दवाइयां और 47 प्रकार की जांचें निशुल्क उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक इन क्लीनिकों में 5.54 करोड़ से अधिक ओपीडी विजिट दर्ज की जा चुकी हैं और प्रतिदिन लगभग 84 हजार मरीज लाभान्वित हो रहे हैं।
सिंचाई क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पंजाब में 96 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग किया गया है। किसानों की सुविधा के लिए 14 हजार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और जलमार्ग विकसित किये गये हैं, जिनमें 21 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद कर लोगों को प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की राहत दी है। उन्होंने बताया कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है तथा किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करायी जा रही है।
महिला सशक्तिकरण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह प्रदान किये जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गयी मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त उपचार लोगों को मिल चुका है।
श्री मान ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा पारित जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम, 2026 गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून समाज विरोधी तत्वों के लिए कड़ा निवारक सिद्ध होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित