चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को नीदरलैंड्स में प्रसिद्ध डच हॉकी दिग्गज फ्लोरिस जन बावलैंडर से मुलाकात कर उन्हें पंजाब में हॉकी को और मजबूत करने के लिए अपने अनुभव का उपयोग करने का न्योता दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब में हॉकी और खेलों के व्यापक ढांचे पर चर्चा करते हुए राष्ट्रीय खेल की पुरानी शान बहाल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बावलैंडर के शानदार करियर और खेल में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने उन्हें पंजाब आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षणऔर अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि फ्लोरिस जन बावलैंडर ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और वह पंजाब आकर खिलाड़ियों से संवाद करेंगे तथा उन्हें एशिया हॉकी चैंपियनशिप से पहले प्रेरित करेंगे।

श्री मान ने कहा कि पंजाब पहली बार अपने इतिहास में प्रतिष्ठित हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा, जो राज्य के खेल क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा है। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स के बाद शीर्ष छह टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी और चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट की स्वीकृति से पंजाब वैश्विक हॉकी केंद्र के रूप में उभरेगा।

पंजाब और हॉकी के गहरे संबंध का उल्लेख करते हुए श्री मान ने कहा कि भारतीय हॉकी में पंजाब का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने बताया कि 50 से अधिक पंजाबी खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं और 10 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की कप्तानी की है। उन्होंने कहा कि संसारपुर, खुसरोपुर और मिठापुर जैसे गांवों ने मिलकर 20 से अधिक ओलंपियन दिये हैं। उन्होंने हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि टोक्यो 2020 ओलंपिक में 41 साल बाद भारत ने कांस्य पदक जीता, जिसमें नौ पंजाबी खिलाड़ी शामिल थे और टीम की कप्तानी मनप्रीत सिंह ने की थी।

उन्होंने यह भी बताया कि पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत ने कांस्य पदक हासिल किया, जिसमें 10 पंजाबी खिलाड़ी शामिल थे और टीम की अगुवाई हरमनप्रीत सिंह ने की, जो टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर भी रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और हॉकी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित