चंडीगढ़ , जून 25 -- पंजाब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विवादित वीडियो मामले में दिये गये 'मास्क' संबंधी स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए इसे सच्चाई छिपाने का असफल प्रयास बताया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा देने और श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होने की मांग दोहराई है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार अपने बयानों से खुद को विरोधाभासों के जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वीडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार बताया गया, फिर कहा गया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं है और अब यह दावा किया जा रहा है कि किसी ने मुख्यमंत्री जैसा मास्क पहन रखा था।
राजा वडिंग ने कहा कि मुख्यमंत्री का हर नया बयान पहले के दावे को कमजोर करता है और इससे लोगों के मन में संदेह और बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा, यदि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री कोई नया और अलग स्पष्टीकरण लेकर सामने आ जायें।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सलाहकार उन्हें गलत दिशा में ले जा रहे हैं और ऐसे तर्क पेश कर रहे हैं जो उनकी स्थिति को और कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम मुख्यमंत्री की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ज्ञी यह कह रहे हैं कि पंजाब के लोग उनके साथ हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि उनकी अपनी पार्टी और सरकार के भीतर भी उनका बचाव करने को लेकर उत्साह नहीं दिख रहा। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री को स्वयं सामने आकर अपना पक्ष रखना पड़ रहा है क्योंकि कोई भी उनके दावों का समर्थन करने के लिए आगे नहीं आ रहा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हाल ही में वित्त मंत्री द्वारा पेश की गयी एक कथित फोरेंसिक रिपोर्ट भी विवादों में रही, जिससे सरकार की स्थिति और असहज हुई है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित