चंडीगढ़ , अगस्त 08 -- पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस भवन से आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर कांग्रेस नेताओं को रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। पुलिस अब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है।
इससे पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग समेत पार्टी के कई नेताओं ने पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए अपनी मांगें उठायीं और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े।
पुलिस की ओर से कांग्रेस नेताओं को आगे जाने से रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित