गुरुग्राम , अप्रैल 09 -- हरियाणा के मानेसर स्थित आईएमटी क्षेत्र में धारा 163 लागू होने के बावजूद हड़ताल कर रहे कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ मच गयी और करीब 20 प्रदर्शनकारी घायल हो गये।
मानेसर में होंडा कंपनी के बाद आधा दर्जन से अधिक कंपनियों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर फैक्ट्री गेट के बाहर एकत्रित हुए थे। पुलिस द्वारा उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारियों के न हटने पर बल प्रयोग किया गया।
लाठीचार्ज में एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आयी, जिसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में धारा 163 लागू है और किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस की एक बाइक में आग लगाने की भी सूचना है।
कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स लंबे समय से शोषण का सामना कर रहे हैं। न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम भुगतान, सुरक्षा और स्थायी नौकरी जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि होंडा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद अब सत्यम, मुंजाल शोवा, रिको और अन्य कंपनियों के कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित