प्रयागराज , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के नैनी स्थित मानस विहार अपार्टमेंट में ज्वेलरी कारोबारी भूपेंद्र सोनी की मौत के बाद सामने आए सेक्स रैकेट के मामले में अब पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। एडीए चौकी प्रभारी लेखपाल सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि प्रथमदृष्टया क्षेत्र में चल रही गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने और सतर्कता में कमी सामने आने पर चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, भूपेंद्र सोनी की मौत की जांच के दौरान अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 604 और 605 में लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इस मामले में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फ्लैटों में ग्राहकों को बुलाया जाता था और इसके लिए महिलाओं को बुलाकर रकम तय की जाती थी।

मामले में एक अहम सवाल यह भी है कि घटना के समय एडीए चौकी प्रभारी अपार्टमेंट में क्यों मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जिस समय भूपेंद्र सोनी के साथ विवाद हुआ और वह छठवीं मंजिल से नीचे गिरा, उस दौरान लेखपाल सिंह वहां मौजूद थे। उनके साथ कांशीराम चौकी प्रभारी रामानंद विश्वकर्मा भी पहुंचे थे।

अधिकारियों के पूछने पर लेखपाल सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट से लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते वह गश्त करने पहुंचे थे। वहीं, रामानंद विश्वकर्मा ने बताया कि मानस विहार अपार्टमेंट बॉर्डर क्षेत्र में आता है, इसलिए वह वहां गए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि स्थानीय पुलिस को अपार्टमेंट में चल रही गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं। इसके अलावा क्षेत्र में गश्त और निगरानी की स्थिति तथा घटना के समय दोनों चौकी प्रभारियों के वहां पहुंचने की वजह की भी जांच की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित