चंडीगढ़ , मई 30 -- हरियाणा में मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने राज्यव्यापी ड्रेन सफाई एवं गाद निकासी अभियान शुरू किया है। विभाग ने 4,369.69 किलोमीटर लंबाई के 716 नालों की सफाई का लक्ष्य तय किया है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई का कार्य समय पर पूरा किया जाए। मुख्यालय स्तर के अधिकारियों को विभिन्न जिलों में नियमित फील्ड निरीक्षण के लिए तैनात किया गया है, जबकि सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी भी कार्यों की लगातार समीक्षा कर रही हैं।

अभियान के तहत नालों, नहरों और जल निकासी चैनलों से गाद, खरपतवार, पेड़-पौधे, रुकावटें और अतिक्रमण हटाए जाएंगे, जिससे वर्षा जल की निकासी सुचारू हो सके। सफाई कार्य विभागीय मशीनरी और ई-टेंडरिंग के माध्यम से कराया जा रहा है। विभाग ने जून 2026 तक सभी चिन्हित नालों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा है, ताकि मानसून से पहले राज्य में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित