चम्पावत , मई 23 -- उत्तराखंड में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए चंपावत जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को टनकपुर-बनबसा राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में जनमिलन कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियों को मानसून से पूर्व सभी आवश्यक सुरक्षा एवं राहत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क को पूर्ण रूप से गड्ढामुक्त बनाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तत्काल मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में सभी सुधार कार्य पूरे किए जाएं ताकि वर्षाकाल में आमजन और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
डीएम ने विशेष रूप से उन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षात्मक कार्य कराने को कहा जहां सड़क क्षति या जलभराव की आशंका बनी रहती है। साथ ही दुर्घटनाप्रवण और संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने टनकपुर के जगबुडा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।
इसके बाद आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने, सड़क, सिंचाई, चेकडैम, वायरक्रेट और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
मनिहारगोठ क्षेत्र में जल निकासी की समस्या पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और खंड विकास अधिकारी को तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं उचौलीगोठ में ह्यूम पाइप की मांग पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने को कहा।
मनिहारगोठ और ज्ञानखेड़ा में नालियों और पुलियों के अवरुद्ध होने की शिकायत पर डीएम ने तत्काल जेसीबी मशीन भेजकर सफाई कार्य कराने तथा बंद मार्ग खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नालियों, पुलियों और जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
डांडा मल्ला क्षेत्र में ओपन जिम स्थापना की मांग पर खंड विकास अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं नौलापानी में चेकडैम निर्माण तथा थपलियालखेड़ा क्षेत्र में वायरक्रेट लगाने के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू करने को कहा गया।
पचपकरिया क्षेत्र में लगभग 800 मीटर मार्ग पर जलभराव की समस्या को लेकर भी जिलाधिकारी ने तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित