बारां , मई 22 -- राजस्थान में बारां में मानसून से पूर्व शहरों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में नगर निकायों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल सहित नगर परिषद और नगर पालिका अंता, छबड़ा, मांगरोल, सीसवाली एवं अटरू के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला कलक्टर ने एक से छह जून तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के तहत पार्क, सार्वजनिक शौचालय, सड़क, नाली एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही नरेगा कार्मिकों को भी सफाई कार्य में लगाने के निर्देश दिए गए।
श्री असावां ने नालों की सफाई के लिए ट्रैक्टर सहित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को कहा। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गम बूट्स पहनाना अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाला सफाई कार्य के पहले और उसके बाद की फोटोग्राफ लेकर ग्रुप में साझा करने के लिए भी कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित