पटना , अप्रैल 13 -- मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पटना नगर निगम एवं बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के बीच सोमवार को संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेश कुमार पराशर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने संभावित जलजमाव वाले क्षेत्रों के लिए जलनिकासी की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में पटना नगर निगम क्षेत्र में बुडको की ओर से निर्माणाधीन एवं हाल ही में पूर्ण हुई परियोजनाओं, जिनका सीधा संबंध जलनिकासी से है, उनकी बिंदुवार समीक्षा की गई। इनमें नमामी गंगे परियोजना के तहत चल रहे कार्य, सड़क एवं नाला निर्माण, निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त स्लैब एवं मैनहोल की मरम्मती, छोटे नालों को बुडको द्वारा निर्मित नालों से जोड़ने, संप हाउस की क्षमता बढ़ाने, स्लुईस गेट की मरम्मत आदि के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को मानसून पूर्व कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिये गए।

बैठक में बुडको के प्रबंध निदेशक ने सभी संप हाउस एवं पंपिंग स्टेशनों की सफाई, मरम्मत और रखरखाव का कार्य पूरा होने के बाद संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को स्वयं स्थल निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिये। साथ ही सभी स्लुईस गेटों की साफ-सफाई कराने तथा जहां आवश्यकता हो, वहां पुराने या क्षतिग्रस्त गेटों को बदलने के निर्देश दिए गए। साथ ही, छोटंकी नाला के पास स्थित आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की सफाई एवं नालों की शत-प्रतिशत उड़ाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी नये डीपीएस 30 अप्रैल 2026 तक तैयार कर लिए जाएं तथा सभी रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्य 15 मई 2026 तक पूर्ण किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित