हनुमानगढ़ , जुलाई 20 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में मानसून के मद्देनजर अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक उम्मेदी लाल मीणा ने सोमवार को शहर में जल निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्री मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां चाक चौबंद रखें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पंप हाउस, महिला थाना के पास स्थित पंप हाउस, टाउन स्थित एसटीपी एवं बिहारी बस्ती स्थित पंप हाउस का निरीक्षण किया। इसके अलावा दुर्गा कॉलोनी में निर्माणाधीन पार्क एवं नाले के कार्यों की प्रगति को भी देखा।

श्री मीणा ने अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित