पटना, जून 18 -- मानसून एवं संभावित भारी वर्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वर्षा ऋतु के दौरान ग्रामीण संपर्कता प्रभावित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसको लेकर ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस योजना के तहत निर्धारित 30,840 किलोमीटर लक्ष्य की दिशा में अब तक 12,569 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का सतह नवीनीकरण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस क्रम में समस्तीपुर में 822 किलोमीटर, मधुबनी में 798 किलोमीटर, मुजफ्फरपुर में 645 किलोमीटर तथा पूर्वी चंपारण में 627 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों में वर्षा के दौरान भी बेहतर यातायात सुविधा सुनिश्चित हो सकेगी।
ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा की जा रही ये तैयारियां केवल अवसंरचना संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध ग्रामीण जनजीवन की सुविधा और सुरक्षा से है। बेहतर सड़क संपर्कता से किसानों को कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय तक आने-जाने तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही आपदा एवं राहत कार्यों के संचालन में भी सड़क सम्पर्कता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्रामीण कार्य विभाग गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानसून के दौरान भी ग्रामीण संपर्कता को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित