रायपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ में मानसून सत्र के मद्देनजर राज्य के सभी टाइगर रिजर्व, राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभ्यारण्यों को सोमवार से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। वन विभाग के अनुसार संरक्षित वन क्षेत्रों में पर्यटकों का प्रवेश अब आगामी एक अक्टूबर तक प्रतिबंधित रहेगा।

विभागीय अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान जंगलों में प्राकृतिक परिस्थितियां बदलने, मार्गों के प्रभावित होने तथा वन्यजीवों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर रोक रहेगी।

उन्होंने बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद इन संरक्षित क्षेत्रों को दो अक्टूबर से पुनः पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। हर वर्ष बारिश के मौसम में लगभग तीन माह के लिए राष्ट्रीय उद्यानों, टाइगर रिजर्व और अभयारण्यों में पर्यटक प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाता है।

वन विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य वन्यजीवों को अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा प्रतिकूल मौसम के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित