नयी दिल्ली , जुलाई 09 -- दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ते हुए पूरे देश में फैल गया है।
मौसम विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और आज एवं कल उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके विपरीत, आज से देश के मध्य हिस्सों (महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश) में और कल से दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आने के आसार हैं।
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मेघालय में अत्यधिक बारिश दर्ज की गयी है। वहीं पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों, तमिलनाडु, कोंकण, केरल और त्रिपुरा में अत्यधिक बारिश हुई है। केरल, मराठवाड़ा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी देखा गया।
विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 जुलाई तक व्यापक बारिश जारी रह सकती है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने उत्तराखंड तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज और कल अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन, कीचड़ के बहाव और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी जारी करते हुए अचानक बाढ़ का खतरा जताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित