बैतूल , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सिद्धार्थ रजने (25) को लगातार तलाश के बाद पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार यह मामला 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम, निवासी सोहागपुर ढाना, से जुड़ा है। उसे गांव के कुछ युवकों द्वारा एक युवती से बातचीत को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। 12 मार्च को जामपानी में एक बारात के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया था।

घटना से आहत होकर देवेश ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 16 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई।

मर्ग जांच के बाद शाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था, जबकि चौथा आरोपी फरार था।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। थाना प्रभारी अरविंद कुमरे के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित