सोनीपत , अगस्त 01 -- हरियाणा के सोनीपत में शैक्षिक समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में मानव सेवा ट्रस्ट (पंजीकृत) ने जीवीएम स्कूल के सहयोग से "शिक्षा सहायता अभियान" के तहत 12 आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पूरे शैक्षणिक वर्ष की स्कूल फीस वहन करने की घोषणा की।

इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद और मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।

चयनित लाभार्थियों में कक्षा चौथी से नौवीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनमें ऐसे बच्चे भी हैं जिन्होंने अपने माता-पिता में से किसी एक को खो दिया है या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखते हैं।

ट्रस्ट के अध्यक्ष सुमित अलख ने कहा कि शिक्षा किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से कम से कम एक जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही देश का भविष्य मजबूत होगा।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर के एक्टिविटी हॉल के समीप एक स्मारक स्वर्ण पट्टिका का अनावरण भी किया गया। अभियान को शालिनी सपरा, रोशन सपरा, नरेश नासा, गौरव ठाकुर सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्यों का सहयोग मिला। कार्यक्रम का समापन आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्रों को भविष्य में भी शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित