बैतूल , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले में दूरस्थ ग्राम पंचायतों में तबादले से परेशान पंचायत सचिवों को राहत मिली है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला पंचायत स्तर पर अभ्यावेदनों की सुनवाई करते हुए 10 पंचायत सचिवों के तबादला आदेश में संशोधन किया गया है। इन सचिवों को उनकी परिस्थितियों को देखते हुए अपेक्षाकृत नजदीकी ग्राम पंचायतों में पदस्थ किया गया है। वहीं, जिन मामलों में कारण पर्याप्त गंभीर नहीं पाए गए, उनमें पूर्व तबादला आदेश यथावत रखा गया है।

जिले में कुल 554 ग्राम पंचायतें हैं, जबकि वर्तमान में करीब 480 से 490 पंचायत सचिव पदस्थ हैं। शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर 15 जून 2026 को जिले में 75 पंचायत सचिवों के तबादले किए गए थे। इनमें कई सचिवों की जनपद पंचायत भी बदल दी गई थी। कुछ सचिवों को गृह क्षेत्र से काफी दूर की पंचायतों में भेजे जाने के बाद उन्होंने तबादला आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था।

हाईकोर्ट पहुंचे सचिवों ने नई पदस्थापना की अधिक दूरी, गंभीर बीमारी, वृद्ध माता-पिता की देखभाल और अन्य व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया था। हाईकोर्ट ने तबादलों पर सीधे फैसला देने के बजाय संबंधित सचिवों को सक्षम अधिकारी के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सचिवों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष अपने-अपने अभ्यावेदन प्रस्तुत किए।

जिला पंचायत सीईओ ने सचिवों का पक्ष सुनने के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों और परिस्थितियों का परीक्षण किया। जिन मामलों में मानवीय आधार पर राहत उचित पाई गई, उनमें तबादला आदेश संशोधित कर नजदीकी पंचायतों में पदस्थापना दी गई। वहीं, कुछ मामलों में कारण पर्याप्त गंभीर नहीं पाए जाने पर तबादला आदेश में कोई बदलाव नहीं किया गया।

संशोधित आदेश के अनुसार नारायण अतुलकर को भीमपुर की उती के स्थान पर बैतूल की गुढ़ी, नंदकिशोर सरनेकर को प्रभातपट्टन की नांदकुड़ी के स्थान पर भीमपुर की बासिंदा, हेमराज घोरसे को भीमपुर की केकड़िया कलां के स्थान पर आठनेर की उमरी और नरेश भारद्वाज को भैंसदेही की खामला के स्थान पर बैतूल की कन्हड़गांव पंचायत में पदस्थ किया गया है।

इसी तरह राजेंद्र गंगारे को भैंसदेही की खोमई से आमला की कुटखेड़ी, नंदलाल जगेदकर को मुलताई के जामगांव से भीमपुर के दामजीपुरा, गजेंद्र सिकरवार को शाहपुर के फोफल्या से आमला के खापा खतेड़ा, हेमराज साहू को बैतूल के लाखापुर से मुलताई की दुनावा, भूपेंद्र वर्मा को प्रभातपट्टन के जामठी सवासन से शाहपुर की मूढ़ा तथा शकुन पंडोले को चिचोली के टोकरा से भीमपुर की कासमारखंडी पंचायत में पदस्थ किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित