श्रीगंगानगर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष गंगाराम मूलचंदानी ने बुधवार को श्रीगंगानगर में केंद्रीय कारागृह का सघन निरीक्षण किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत में न्यायमूर्ति मूलचंदानी ने कारागृह की समस्त बैरकों, वार्डों, बंदी कैन्टीन, जेल उद्योगशाला, चिकित्सालय एवं रसोईघर का अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों से संवाद करके उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनके समाधान के लिए जेल अधीक्षक महावीर प्रसाद मीणाको आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जेल के नाट्य कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में न्यायमूर्ति मूलचंदानी ने बंदियों को मानवाधिकारों, अनुशासन और सकारात्मक जीवन-शैली पर उद्बोधन दिया। इस दौरान कारागृह द्वारा वर्ष 2026 में किए गए नवाचारों, कौशल प्रशिक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुधारात्मक कार्यक्रमों पर आधारित एक आकर्षक लघु वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उन्होंने जेल प्रशासन की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बंदियों द्वारा प्रस्तुत की गई शानदार सामूहिक गायन प्रस्तुति रही। इस अवसर पर जेलर हेमराज वैष्णव और अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित