धार , नवम्बर 10 -- मध्यप्रदेश में धार वन मंडल की टीम ने मानपुर फोरलेन पर बग्गड़ के पास अवैध रूप से देशी खैर की लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन जब्त किया है। वन अमले को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने मध्यप्रदेश अभिवहन वनोपज परिवहन नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वन अमला नियमित गश्त पर था। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे सफेद रंग का पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 13-जेडजेड 4463 आता दिखाई दिया। वनकर्मियों को देखकर चालक ने वाहन रोक दिया और भाग निकला। संदेह होने पर टीम ने वाहन की जांच की तो उसमें देशी खैर की लकड़ी भरी मिली। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन जब्त कर धार वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया।
वन विभाग लकड़ी के स्रोत, उसके परिवहन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहा है। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। कार्रवाई वन मंडलाधिकारी विजय आनंतम टी.आर. एवं उप वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी धार भूराम मुच्छाला ने बताया कि वन अमला गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित