प्रयागराज , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मानदेय बढ़ाए जाने, न्यूनतम वेतन के बराबर मानदेय घोषित करने तथा अन्य मांगों को लेकर आशा कार्यकत्रियों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) से संबद्ध उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने बालसन चौराहे से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकत्रियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर न्यूनतम वेतन के बराबर मानदेय निर्धारित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि छह फरवरी को सरकार और संगठन के बीच हुए समझौते को तत्काल लागू किया जाए।

आशा कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2019 से मार्च 2026 तक की बकाया प्रोत्साहन राशि का एकमुश्त भुगतान करने की भी मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से विभिन्न मदों का भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया गया है। मांगों के समर्थन में आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने के साथ आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित