महासमुंद , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में लंबित मानदेय के भुगतान समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर स्कूलों में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले करीब 3637 रसोइया मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण जिले के कई सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित हुई है।

रसोइया संघ का आरोप है कि पिछले तीन महीने से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है और करीब दो करोड़ 18 लाख रुपये की राशि लंबित है। संघ के अनुसार वर्तमान में रसोइयों को दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जिले में 1276 प्राथमिक और 492 माध्यमिक विद्यालय हैं। रसोइयों के काम बंद करने से कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित हुई है। हालांकि शिक्षा विभाग ने बच्चों को भोजन से वंचित नहीं होने देने के लिए स्कूलों को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रसोइया संघ की मांगों में लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान, कलेक्टर दर पर मानदेय, दुर्घटना की स्थिति में नि:शुल्क उपचार तथा कुकर और ड्रेस कोड उपलब्ध कराने के साथ सेवा स्थायी करने की मांग शामिल है। संघ का कहना है कि मानदेय भुगतान का आश्वासन मिलने के बावजूद राशि जारी नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संगठन के पदाधिकारी शिक्षा मंत्री से मिलने के लिए जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित