जालौन , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार को मानदेय बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार दोपहर आशा कार्यकत्रियों और आशा संगिनियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
ऑल आशा एवं आशा संगिनी कार्यकत्री सेवा समिति के बैनर तले पहुंचीं कार्यकत्रियों ने जिलाधिकारी समीर को कार्यालय से बाहर बुलाने की मांग की। डीएम के बाहर नहीं आने पर कई कार्यकत्रियां उनके कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गईं और नारेबाजी की।
आशाओं को समझाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार पहुंचे, लेकिन कार्यकत्रियां डीएम से वार्ता कराने की मांग पर अड़ी रहीं। करीब 30 मिनट तक डीएम कक्ष के बाहर धरना जारी रहा। बाद में सीएमओ हरिनंदन प्रसाद और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
संगठन की जिलाध्यक्ष राजकुमारी सिद्ध ने कहा कि आशा कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार और आशा संगिनियों का 21 हजार रुपये किया जाए तथा उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। उन्होंने बताया कि कदौरा ब्लॉक में उपलब्ध कराई गई सिम करीब दो माह से बंद है। मोबाइल रिचार्ज की सुविधा पूर्व की तरह बहाल करने की भी मांग की गई।
कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी कि 29 सितंबर तक मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो 30 सितंबर से लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित