शिवहर , सितंबर 20 -- बिहार में शिवहर जिले के हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता गांव से रविवार को बाबा सोमेश्वर नाथ धाम, अरेराज पूर्वी चंपारण के लिए कांवड़ जत्था रवाना हुआ। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर अरेराज पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। कमरिया का जत्था माधोपुर छाता से रेवासी, हिरम्मा, हिरौता गांव सहित विभिन्न मार्गों से हर- हर महादेव की जयकारे लगाते हुए अरेराज के लिए प्रस्थान किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु राम नाम की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ)डॉ. अनंत कुमार, प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपी)ओईशानी सिंह, तरियानी बीडीओ प्रभात रंजन, सीओ रोहन रंजन एवं थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।
एसडीओ ने बताया कि अरेराज जाने वाले कमरिया की सुरक्षा और सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
वहीं प्रभारी एसडीपीओ ईशानी सिंह ने बताया कि जगह-जगह दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीम लगातार कमरिया के साथ चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है।
माधोपुर छाता पंचायत के मुखिया नीरज कुमार सिंह ने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण यात्रा के लिए धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित