मुरैना , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस विकासखंड के माधोगढ़ गांव में पिछले 15 दिनों से बुखार का प्रकोप बना हुआ है। इस बीच कैलारस के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी मनीष शर्मा ने बुखार से पीड़ित सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि की है। इन मरीजों को मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार गांव में लगभग हर घर में लोग बुखार से पीड़ित हैं और करीब 150 से 200 लोग बीमारी की चपेट में हैं। तेज बुखार के कारण माधोगढ़ निवासी ममता धाकड़ (47) और मनीषा शाक्य (41) की कैलारस अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों महिलाओं की मृत्यु से पहले डेंगू की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुखार से पीड़ितों की हालत बिगड़ने पर कैलारस से करीब 70 मरीजों को मुरैना जिला अस्पताल भेजा जा चुका है, जिनमें से लगभग 40 गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

गांव में स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल की विशेषज्ञ टीमें पहुंचकर स्थिति पर नजर रख रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पद्मेश उपाध्याय के अनुसार ब्लॉक स्तर की मेडिकल टीम गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार कर रही है। मच्छरों के पनपने को रोकने के लिए गंदे पानी के स्रोतों को नष्ट कराया जा रहा है और फॉगिंग कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित