वॉशिंगटन , अक्टूबर 08 -- न्यूयॉर्क में संघीय अभियोजन अधिकारी वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ नए आरोप लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार ये आरोप वेनेजुएला सरकार की हिरासत में रखे गए अमेरिकियों को प्रताड़ित करने से जुड़े हैं। इसकी घोषणा गुरुवार को हो सकती है। इस सिलसिले में मादुरो दंपती के गुरुवार को अदालत में पेश किये जाने की संभावना है। यह मामला एक दर्जन से अधिक अमेरिकी नागरिकों से जुड़ा है, जिन्हें मादुरो के सत्ता में रहने के दौरान वेनेजुएला में जेल में डाल दिया गया था। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अधिवक्ता ने अमेरिकी कैदियों के साथ दुर्व्यवहार में भूमिका के लिए कई अन्य लोगों पर भी आरोप लगाने पर चर्चा की है।
गौरतलब है कि 69 वर्षीय फ्लोरेस और 63 वर्षीय मादुरो को 3 जनवरी को अमेरिकी सेना ने काराकस स्थित उनके घर से पकड़ा था और न्यूयॉर्क लाया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने ड्रग तस्करों को कोकीन की तस्करी करने की अनुमति देने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया। सुश्री सिलिया फ्लोरेस के अधिवक्ता अमेरिकी जिला जज एल्विन हेलरस्टीन से स्वास्थ्य कारणों से उन्हें जमानत देने का अनुरोध करेंगे क्योंकि अगले साल ड्रग तस्करी के मामले में उनकी सुनवाई होनी है।
उन्होंने मादक पदार्थ आतंकवाद की साजिश और अन्य आरोपों में खुद को निर्दोष बताया है और उन्हें न्यूयॉर्क में बिना जमानत के हिरासत में रखा गया है। इस बीच श्री मादुरो के अधिवक्ता ने उनकी गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाए हैं और तर्क दिया है कि उन्हें छूट मिलनी चाहिए क्योंकि घटनाएं तब हुई थीं जब वह राष्ट्रपति थे। अधिवक्ता का कहना है कि वेनेजुएला सरकार उनकी ओर से छूट का दावा नहीं कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित