धार , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में एक मादा श्वान के साथ कथित यौन उत्पीड़न और पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। पशु संरक्षण संस्था और स्थानीय लोगों ने पुलिस को शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तारापुर रोड स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप परिसर में रहने वाली एक मादा श्वान के साथ यह घटना होने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी लंबे समय से श्वान की देखभाल करते थे।

पीपल फॉर एनिमल्स संस्था की प्रतिनिधि विजया शर्मा द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धरमपुरी निवासी गुलाब वर्मा पिछले कुछ समय से मादा श्वान के साथ आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। शिकायत के अनुसार पूर्व में भी उसे इस प्रकार की हरकत करते हुए टोका गया था, लेकिन उसने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 17 जुलाई की शाम आरोपी मादा श्वान को उठाकर पास के एक खेत में ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि घटना को कुछ प्रत्यक्षदर्शियों तथा पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने देखा, जिसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।

विजया शर्मा ने कहा कि संस्था ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं गंभीर अपराध हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित