भरतपुर , अगस्त 25 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में गणेश धाम के पास मंगलवार को मादा भालू के आक्रामक हो जाने से हादसा होते-होते टल गया।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि एक मादा भालू अपने शावक के साथ रणथंभौर की सुरक्षा दीवार पार करके सड़क किनारे आ गयी। इस मादा भालू को देखने के लिए मौके पर कई लोग पहुंच गये कई लोग मादा भालू के साथ सेल्फी और रील बनाने के लिए उसके बेहद करीब पहुंच गये, जिससे अपने बच्चे की सुरक्षा के मद्देनजर मादा भालू अचानक आक्रामक हो गयी और आक्रामक मुद्रा में खड़ी हो गयी।
भालू का रुख देखकर रील बना रहे लोगों में भगदड़ मच गयी। इसी बीच मादा भालू अपने बच्चे को लेकर जंगल की ओर चली गयी। वनकर्मियों के अनुसार अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाने वाले लोगों के साथ इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता। गनीमत रही कि इस बीच कोई दुर्घटना नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित