ग्रेटर नोएडा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन, एक स्कूटी तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि गत शुक्रवार को इकोटेक-प्रथम थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास से दो नाइजीरियाई मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 39.27 ग्राम एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन, घटना में इस्तेमाल की जाने वाली स्कूटी तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एंथोनी चिन्वुबा उर्फ डेविड (34) तथा अमोस मूसा उर्फ लक्की (30) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से नाइजीरिया के अबुजा निवासी हैं और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रह रहे थे।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी प्रतिबंधित मादक पदार्थों की आपूर्ति और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब इनके संपर्कों, सप्लाई चैन और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इस मामले में इकोटेक प्रथम थाना पर एनडीपीएस एक्ट की धारा तथा आप्रवास एवं विदेशी विषयक अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास एवं भारत में उनके दस्तावेजों की वैधता की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित