वाराणसी , अप्रैल 19 -- बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री रविवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचे। काशी यात्रा के दौरान उन्होंने महिला आरक्षण बिल यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महत्वपूर्ण बयान देते हुए इसका समर्थन किया। वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का समर्थकों और श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि भारत भूमि आदिकाल से ही नारी शक्ति की पूजक रही है और मातृशक्ति को सम्मान देना राष्ट्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक आवश्यक कदम है।

श्री शास्त्री ने कहा, "आदिकाल से भारत भूमि हमेशा नारी माता की पूजक रही है। मातृशक्ति की ताकत बढ़ेगी तो देश की शक्ति बढ़ेगी। देश की असली शक्ति मातृशक्ति है।" उन्होंने कहा कि "नारी निंदा मत करो, नारी रत्न खदान है।" धीरेंद्र शास्त्री ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए कहा कि नारी शक्ति को सम्मान और अधिकार देने से राष्ट्र का चहुमुखी विकास होगा।

धीरेंद्र शास्त्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब महिला आरक्षण बिल को लेकर पूरे देश में राजनीतिक बहस तेज है और विभिन्न संगठनों की महिलाओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित