चंडीगढ़ , जनवरी 16 -- पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार द्वारा माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस, जम्मू-कश्मीर की एम.बी.बी.एस. मान्यता रद्द करने का फैसला न केवल विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है, बल्कि शिक्षा को धर्म और राजनीति से जोड़ने की एक घटिया उदाहरण है।

इस मेडिकल कॉलेज में दाखिले केंद्रीय परीक्षा एन.ई.ई.टी., जो राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन द्वारा भी मान्यता प्राप्त है, मेरिट के अनुसार पूरी तरह से कानूनी और पारदर्शी तरीके से किये गये थे।

अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि संस्था का निरीक्षण करने के बाद यह बात सामने आई कि इंस्टीट्यूट में किसी विशेष धर्म के विद्यार्थियों की बहुलता होने के कारण एम.बी.बी.एस. की मान्यता रद्द करना पूरी तरह से अनुचित, पक्षपाती और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संस्था में इतनी बड़ी कमियां थीं, तो महज चार महीने पहले मान्यता किस आधार पर दी गयी थी? इसका जवाब देना राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन की जिम्मेदारी है।

श्री संधवां ने इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक संस्था को बंद करने के लिए आंदोलन करना और मान्यता रद्द होने पर जश्न मनाना सामाजिक पतन की निशानी है। शिक्षा का उद्देश्य अज्ञानता के अंधेरे को दूर करना है न कि नफरत की खाई को और गहरा करना। मेडिकल कॉलेज जैसी पेशेवर संस्था कोसुधार का मौका दिये बिना बंद करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और असंवैधानिक है।

श्री संधवां ने मांग की कि इस फैसले की तुरंत समीक्षा की जाये, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विद्यार्थियों के हित सुरक्षित रहें और शिक्षा को धार्मिकया राजनीतिक एजेंडों से दूर रखा जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित