अगरतला , फरवरी 06 -- त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता माणिक सरकार ने शुक्रवार को त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) चुनावों से पहले भाजपा एवं उसके सहयोगी टिपरा मोथा पर जमकर हमला बोला और सभी 28 सीटों पर जीत के उनके दावों को खारिज कर दिया।

श्री सरकार ने बल देकर कहा कि अगर मतदाताओं को अपने अधिकारों का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने की अनुमति दी जाए तो चुनाव परिणाम बदल जाएंगे। उन्होंने सत्तारूढ़ दलों पर उम्मीदवारों एवं मतदाताओं दोनों को डराने-धमकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

आगामी चुनाव में एडीसी सीट जीतने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री सरकार ने सवाल उठाया कि अगर भाजपा और मोथा दोनों ही 28 सीटों पर जीत का दावा करते हैं, तो तार्किक रूप से जिला परिषद में 56 सीटें होनी चाहिए; हालांकि, अगर मतदाता सही तरीके से मतदान करते हैं तो 28 सीटों पर जीत का उनका दावा गलत साबित होगा।

श्री सरकार ने कहा, "चुनावों में उम्मीदवार प्रायः ऐसे दावे करते हैं लेकिन हम माकपा में इस तरह की बयानबाजी का समर्थन नहीं करते। 2019 के पिछले जिला परिषद चुनाव में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए थे; उन्होंने माकपा के सदस्यों एवं उम्मीदवारों पर गंभीर हमले किए थे। अगर हम मतदाताओं से जुड़ पाते हैं और वे सही तरीके से मतदान करते हैं, तो सभी 28 सीटों पर जीत हासिल करने का उनका अनुमान गलत साबित हो जाएगा। इसमें कोई संदेह नहीं है।"अनुभवी माकपा नेता ने आगे कहा कि अब परिणाम इस बात पर निर्भर करता है कि जनता स्वतंत्र रूप से मतदान कर सकती है या नहीं। उन्होंने कहा कि हम जनता से आग्रह करते हैं कि अगर वे फासीवादी जैसे आचरण से बचना चाहते हैं तो उन्हें अपने मताधिकार का उचित प्रयोग एवं उपयोग करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित